जेपी अस्पताल में 21 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त 15 से 20 साल से कार्यरत स्टाफ को बिना सूचना हटाने का आरोप, परिवारों पर रोजी-रोटी का संकट

जेपी अस्पताल में 21 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त
15 से 20 साल से कार्यरत स्टाफ को बिना सूचना हटाने का आरोप, परिवारों पर रोजी-रोटी का संकट
भोपाल, यशभारत। राजधानी के जयप्रकाश (जेपी) अस्पताल में रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) के तहत कार्यरत 21 कर्मचारियों की सेवाएं अचानक समाप्त कर दी गई हैं। प्रभावित कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना और स्पष्ट कारण बताए कार्यमुक्त कर दिया गया जिससे उनके सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सेवामुक्त किए गए कर्मचारियों में फार्मासिस्ट लैब टेक्नीशियन कंप्यूटर ऑपरेटर चालक सहित अन्य श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इनमें से कई लोग पिछले 15 से 20 वर्षों से अस्पताल में लगातार सेवाएं दे रहे थे और अस्पताल की व्यवस्थाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। अचानक नौकरी समाप्त किए जाने से उनके परिवारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ा है। प्रभावित कर्मचारियों ने निर्णय पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद उन्हें न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही अपनी बात रखने का अवसर मिला। उनका कहना है कि इस फैसले से उनके भविष्य को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। वहीं पूरे मामले में जेपी अस्पताल प्रबंधन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। कर्मचारियों को उम्मीद है कि प्रशासन मामले की समीक्षा कर उन्हें राहत देगा।







