जीआरपी के हत्थे चढ़ा ट्रेनों का शातिर चोर, साढ़े तीन लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

जबलपुर, यशभारत। जीआरपी जबलपुर ने रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 लाख 52 हजार 420 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 21 जुलाई को जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के इटारसी एंड से संदिग्ध अवस्था में राजा निषाद (52) निवासी जगदेव का अखाड़ा, चित्रकूट (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी खिरहनी फाटक कटनी, को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने करीब ढाई-तीन माह पहले भुसावल-कटनी और कटनी-भुसावल पैसेंजर ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक सोने का हार, मंगलसूत्र, नथ, तीन नाक की लोंग, 12 सोने के गुरिया सहित अन्य आभूषण बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने दो सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की पायल कटनी के गोल बाजार स्थित एक ज्वेलर्स को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित ज्वेलर्स से भी उक्त आभूषण जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
जीआरपी के अनुसार बरामद सभी आभूषणों की कुल कीमत 3.52 लाख रुपये है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, उपनिरीक्षक गोपाल सिंह राजपूत सहित जीआरपी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए रेल पुलिस अधीक्षक ने टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।







