स्कूल से लौटे 13 वर्षीय छात्र की नहर में डूबने से मौत : खेलते-खेलते दोस्तों संग पहुंचा था नहर, क्षेत्र में हड़कंप … देखें पूरा वीडियो

सतना , यश भारत । कोलगवां थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय छात्र की नहर में डूबने से जान चली गई। बताया जा रहा है कि स्कूल से घर लौटने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ खेलने निकला था। खेलते-खेलते सभी बच्चे नए बस स्टैंड के पास स्थित नहर तक पहुंच गए, जहां नहाने के दौरान छात्र गहरे पानी में समा गया।
मृतक की पहचान रामटेकरी निवासी अतीश चौधरी (13 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एक निजी विद्यालय में कक्षा 6वीं का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहर में उतरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लगभग एक घंटे तक लगातार तलाश के बाद अतीश को नहर से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर कोलगवां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद रामटेकरी क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोगों ने नहर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संबंधी इंतजाम करने की मांग की है।







