मदर इंडिया कॉलोनी में महिला के पास से अवैध शराब जब्त, होटल-ढाबों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई से हड़कंप

मदर इंडिया कॉलोनी में महिला के पास से अवैध शराब जब्त, होटल-ढाबों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई से हड़कंप
भोपाल, यशभारत। शहर में आबकारी विभाग ने शुक्रवार-शनिवार की रात कड़ी कार्रवाई की। इस दौरान एक महिला के घर से अवैध देशी शराब मिलने पर मामला दर्ज किया गया, वहीं गांधीनगर और बैरागढ़ क्षेत्रों में होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट की सघन चेकिंग कर कुल 10 प्रकरण बनाए गए।
आबकारी कंट्रोलर वर्षा उइके ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि मदर इंडिया कॉलोनी निवासी एक महिला आदतन अपराधी है। उसने अपने घर में ही भारी मात्रा में अवैध देशी शराब छिपाकर रखी थी और ग्राहकों को बेच रही थी। टीम ने दबिश देकर महिला के कब्जे से अवैध शराब बरामद की और उसके विरुद्ध मप्र आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
कार्रवाई के अगले चरण में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके और उनकी टीम ने बैरागढ़ में जैन मंदिर के पास एक संदिग्ध घर पर छापा मारकर अवैध शराब जब्त की। वहीं, उप निरीक्षक स्वाति बघेल ने करोंद क्षेत्र में निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसा। इसके अलावा, गांधीनगर नई बस्ती में कार्रवाई के दौरान 500 लीटर लहान बरामद किया गया, जिस पर अलग से प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने खुलासा किया है कि शहर में कई संदिग्ध युवक अब दोपहिया वाहनों के जरिए अवैध शराब की होम डिलीवरी कर रहे हैं। इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए विभाग ने अपने मुखबिर तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। कुछ दिन पहले ही ऐसे तीन युवकों को पकड़ा गया था, जिनसे पूछताछ के आधार पर उनकी पूरी गैंग की थाह ली जा रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।







