भोपालमध्य प्रदेश

अपराधियों पर सख्ती और तकनीक से निगरानी, – भोपाल पुलिस कमिश्नर ने दिए निर्देश

अपराधियों पर सख्ती और तकनीक से निगरानी, – भोपाल पुलिस कमिश्नर ने दिए निर्देश

​भोपाल, यशभारत। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के संवेदनशील इलाकों और व्यावसायिक केंद्रों पर जन सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, ताकि अपराधियों पर पैनी नजर रखी जा सके।

​बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला और अवधेश गोस्वामी सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने जोनवार लंबित अपराधों और एनडीपीएस के मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आदतन बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि निगरानी बदमाशों को बाउंड ओवर किया जाए और वारंटों की तामीली में तेजी लाई जाए।

नशे के कारोबार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने मादक पदार्थ तस्करों पर अभियान के आदेश दिए। इसके अलावा जुआ, सट्टा और अवैध हथियारों के विरुद्ध भी लगातार सक्रियता बनाए रखने को कहा गया है। पुलिस आयुक्त ने माइक्रो बीट सिस्टम को सक्रिय करने पर जोर दिया, ताकि पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत हो सके और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो। ​शहर में रात की शांति व्यवस्था के लिए निर्देश दिए गए हैं कि सभी बार, होटल और रेस्टोरेंट निर्धारित समय पर ही बंद हों। साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और बैंकों की सुरक्षा चेकिंग निरंतर जारी रखने को कहा गया है। माइक्रो बीट के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों जैसे हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button