भोपालमध्य प्रदेश

6 साल की बच्ची से दुष्कर्म: तीन दिन से थाने पर धरना, आरोपी की तलाश में 100 पुलिसकर्मी

6 साल की बच्ची से दुष्कर्म: तीन दिन से थाने पर धरना, आरोपी की तलाश में 100 पुलिसकर्मी

भोपाल, यशभारत। राजधानी से लगे रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर क्षेत्र के करीब 250 ग्रामीण पिछले तीन दिनों (65 घंटे से अधिक) से गौहरगंज थाने के सामने धरना दे रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद महिलाएं रातभर धरने पर बैठी रहीं।
मिली जानकारी के अनुसार 21 नवंबर की शाम हुई इस जघन्य घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद 23 वर्षीय आरोपी सलमान पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आक्रोशित ग्रामीण और पीड़ित परिवार आरोपी के जल्द पकड़े जाने और उसके एनकाउंटर किए जाने की मांग पर अड़े हैं। प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक आरोपी पकड़ा नहीं जाता, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। आरोपी पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है।
विधायक समझाने पहुंचे, लोग मांग पर अड़े
सोमवार शाम विधायक सुरेंद्र पटवा भी धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, लोगों ने उनकी अपील को खारिज करते हुए अपनी मांग दोहराई कि आरोपी के पकड़े जाने और एनकाउंटर होने तक धरना जारी रहेगा।
एएसपी कमलेश खरपुसे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 100 जवानों की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। तिलेन्डी, अमरथोन, चिकलोद, मुरारी, अम्बाई सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों, फार्महाउसों, खेतों के टपरों और पोल्ट्री फार्मों पर सघन तलाशी की जा रही है। इसके साथ ही गौहरगंज के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और भोपाल तथा शाहगंज में भी टीमें आरोपी की तलाश कर रही हैं।
पीड़ित बच्ची की हालत में सुधार
चॉकलेट दिलाने के बहाने आरोपी बच्ची को जंगल की ओर ले गया था, जहां उसने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। खून से लथपथ मिली बच्ची को भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button