राजेन्द्र भारती ने अपनी सदस्यता जाने को लेकर कहा- सब सोची समझी साजिश थी,मुझे 70 करोड़ का ऑफर मिला था

राजेन्द्र भारती ने अपनी सदस्यता जाने को लेकर कहा- सब सोची समझी साजिश थी,मुझे 70 करोड़ का ऑफर मिला था
भोपाल, यशभारत। पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती ने अपनी सदस्यता जाने को लेकर प्रति क्रिया दी हैं। भारती के मुताबिक उनके साथ जो घटना क्रम घटित हुआ है वह सब सोची समझी साजिश है। सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करने दौरान उन्हो ने पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और मध्यप्रदेश सरकार पर निशाना साधा। भारती ने आरोप लगाया कि 70 करोड़ रुपये का लालच उन्हें दिया गया था ता कि वे झुक जाएं, लेकिन उन्हों ने ऐसा नही किया इसी का परिणाम था कि उनसे सदस्यता छीन ली गई।
प्रेस वार्ता में राजेंद्र भारती ने खुलासा किया की कई बार हमसे संपर्क किया। मई 2024 में दिल्ली में एक केंद्रीय मंत्री के ओएसडी ने मुझसे मुलाकात की। उन्होंने मुझे पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का संदेश देते हुए कहा कि आप सारे केस वापस ले लीजिए, भाजपा में आ जाइए और आपको किसी निगम-मंडल का अध्यक्ष बना दिया जाएगा।
उन्होंने मेरे अब तक के नुकसान का मूल्यांकन करके रखा था और कहा कि हम आपको 70 करोड़ रुपए दिलवाएंगे। जब मैंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो मुझे जाते-जाते धमकी दी गई कि इसी केस में तुम्हें निपटवा दिया जाएगा। मैं उस ओएसडी का नाम और स्थान आने वाले समय में सार्वजनिक करूंगा।
भारती ने भावुक होते हुए मंत्री विश्वास सारंग को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने मीडिया में हमारी स्वर्गवासी मां के प्रति जो अपमानजनक बातें कहीं, वे पूरी तरह असहनीय हैं। हमारा परिवार राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में बहुत पुराना है। मेरे पिता श्याम सुंदर श्याम दतिया से पांच बार विधायक रहे, मेरी चाची मंत्री रहीं। जो व्यक्ति खुद भ्रष्टाचार से घिरा है, वह षड्यंत्र करके हमें बदनाम करना चाहता है। सारंग जी के विभाग का ही यह मामला है और उन्होंने झूठी जांच रिपोर्ट बनवाकर मेरी दिवंगत मां की छवि खराब करने की कोशिश की है।







