राहुल गांधी ने हाईकोर्ट में जताया खेद, कार्तिकेय चौहान मानहानि मामले में जवाब तलब

राहुल गांधी ने हाईकोर्ट में जताया खेद, कार्तिकेय चौहान मानहानि मामले में जवाब तलब
जबलपुर, यश भारत। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कार्तिकेय सिंह चौहान से जुड़े मानहानि प्रकरण में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के समक्ष लिखित रूप से खेद व्यक्त किया है। हाईकोर्ट में दायर आवेदन में राहुल गांधी ने कहा कि वर्ष 2018 में झाबुआ की चुनावी सभा के दौरान दिया गया बयान शिवराज सिंह चौहान और उनके पुत्र कार्तिकेय चौहान के संदर्भ में नहीं था, बल्कि नामों को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई थी।
राहुल गांधी की ओर से अदालत में प्रस्तुत आवेदन में कहा गया कि संबंधित टिप्पणी अनजाने में की गई थी और बाद में इस संबंध में स्पष्टीकरण भी दिया जा चुका है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि किसी व्यक्ति विशेष की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का उद्देश्य नहीं था।
मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की एकलपीठ ने कार्तिकेय सिंह चौहान की ओर से जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। अदालत अब दोनों पक्षों के लिखित पक्ष और दस्तावेजों के आधार पर आगे की सुनवाई करेगी।
गौरतलब है कि यह मामला वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झाबुआ में दिए गए भाषण से जुड़ा है। आरोप है कि राहुल गांधी ने पनामा पेपर्स मामले का उल्लेख करते हुए ऐसा बयान दिया था, जिससे कार्तिकेय चौहान की छवि प्रभावित हुई। इसी आधार पर भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट में मानहानि का मामला दायर किया गया था।
हाईकोर्ट में राहुल गांधी द्वारा खेद व्यक्त किए जाने के बाद मामले में संभावित समाधान और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजरें अगली सुनवाई पर टिक गई हैं।







