सोशल मीडिया पर सियासी संग्राम! युवा कांग्रेस नेताओं की आईडी सस्पेंड होने से भड़का आक्रोश, मेटा की निष्पक्षता पर उठे सवाल

सोशल मीडिया पर सियासी संग्राम! युवा कांग्रेस नेताओं की आईडी सस्पेंड होने से भड़का आक्रोश, मेटा की निष्पक्षता पर उठे सवाल
भोपाल,यश भारत। देशभर में भारतीय युवा कांग्रेस के 1000 से अधिक कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित देश के विभिन्न हिस्सों में इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में इसे लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट भी सस्पेंड किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं।
भोपाल जिला युवा कांग्रेस के महासचिव अभय सोलंकी राम भक्त ने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताते हुए सवाल उठाया कि आखिर सत्ता से सवाल पूछने वालों की आवाज क्यों दबाई जा रही है? उन्होंने मेटा पर भी निशाना साधते हुए उसकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए।
इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश का माहौल है। अब सवाल यह है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को लेकर उठ रहे इन सवालों का जवाब कौन देगा ।







