कार में ट्रॉली बैग के अंदर छिपाकर ले जा रहे थे 55 लीटर शराब, पुलिस ने तस्कर को दबोचा

कार में ट्रॉली बैग के अंदर छिपाकर ले जा रहे थे 55 लीटर शराब, पुलिस ने तस्कर को दबोचा
मुखबिर की सूचना पर ईदगाह हिल्स चौकी प्रभारी की टीम ने की कार्रवाई
भोपाल, यश भारत। राजधानी के शाहजहाँनाबाद थाना पुलिस ने कार के जरिए अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 55 लीटर अवैध देशी प्लेन शराब 305 क्वार्टर बरामद की है, जिसे कार के भीतर ट्रॉली बैग और थैलों में बेहद चालाकी से छिपाकर रखा गया था। जब्त शराब की कीमत लगभग 24 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर में नशा मुक्ति और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी कड़ी में गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही ईदगाह हिल्स चौकी प्रभारी सउनि. खुमान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की गई।
टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी करते हुए कार को रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर रखे ट्रॉली बैग और थैलों से शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी शिवकरन पिता लक्ष्मीनारायण, निवासी कतपोन पाटन, थाना दोराहा, जिला सीहोर को गिरफ्तार कर लिया।
अशॉका गार्डन थाने में भी दर्ज है रिकॉर्ड
शाहजहाँनाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। इससे पहले भी भोपाल के अशोका गार्डन थाने में उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह शराब कहाँ से लाया था और भोपाल में किसे सप्लाई करने जा रहा था।







