वाजपेयी नगर मल्टी में पुलिस आयुक्त का जनसंवाद: सुरक्षा, सत्यापन और साइबर जागरूकता पर दिया जोर

वाजपेयी नगर मल्टी में पुलिस आयुक्त का जनसंवाद: सुरक्षा, सत्यापन और साइबर जागरूकता पर दिया जोर
भोपाल, यशभारत। थाना शाहजहाँनाबाद क्षेत्र अंतर्गत शावाजपेयी नगर मल्टी में नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं उनकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
जनसंवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मल्टी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किराएदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने का सुझाव दिया। रहवासियों का कहना था कि कई मकान मालिक अन्य स्थानों पर निवास करते हैं और उनके फ्लैट्स में किराएदार रह रहे हैं, ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से सत्यापन अति आवश्यक है। इसके साथ ही परिसर में होने वाली असामाजिक गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग भी रखी गई।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने नागरिकों के सुझावों और शिकायतों पर तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान सीपी ने उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की विस्तृत जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया।
नागरिकों से अपील करते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि दिखने पर तुरंत 112 नंबर पर संपर्क करें। इसके अलावा, मादक पदार्थों एवं अवैध हथियारों से संबंधित सूचना देने के लिए विशेष मोबाइल नंबर 7587648330 जारी किया गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस नंबर पर जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा। इस जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी अरविन्द कपिल एवं राजकुमारी सहित स्थानीय रहवासी और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।







