भोपालमध्य प्रदेश

कटारा हिल्स में पुलिस कमिश्नर का जनसंवाद

कटारा हिल्स में पुलिस कमिश्नर का जनसंवाद

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश

भोपाल, यशभारत। महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार निरंतर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इसी कड़ी में थाना कटारा हिल्स क्षेत्र के अंतर्गत स्प्रिंग वैली कॉलोनी में नागरिकों के साथ विशेष संवाद किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर कमिश्नर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
स्थानीय समस्याओं पर सीधा संवाद
जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने बताया कि कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है और बाहरी व असामाजिक तत्वों की आवाजाही से आपराधिक घटनाओं का डर बना रहता है। विशेष रूप से रात्रि के समय इको लॉजिकल पार्क के पास पर्याप्त स्ट्रीट लाइट्स न होने से असुरक्षा का वातावरण निर्मित होता है। नागरिकों ने मांग की कि सुरक्षा की दृष्टि से कॉलोनी में रहने वाले किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण पर चर्चा
क्षेत्र में यातायात की बदहाली पर चिंता जताते हुए निवासियों ने कमिश्नर को अवगत कराया कि अमलताश चौक पर हाथ ठेलों के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। भगवती नगर की झुग्गियां मुख्य मार्ग से सटकर बनी हैं, जिससे सड़क पर वाहन खड़े होने से ट्रैफिक बाधित होता है। कॉलोनी के सामने मुख्य सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर और व्यवस्थित यातायात हेतु ट्रैफिक सिग्नल की तत्काल आवश्यकता है। शहर में संचालित रेड बसों की बेलगाम रफ्तार और कहीं भी रुकने की आदत से दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।
पुलिस कमिश्नर की सख्त हिदायत
नागरिकों की समस्याओं को सुनने के बाद पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध पार्किंग और यातायात में बाधक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साइबर सुरक्षा और नियमों की शपथ
कार्यक्रम के अंत में पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अवैध गतिविधि या संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल डायल 112 पर कॉल करें। इस अवसर पर सभी उपस्थित नागरिकों को ट्रैफिक नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई और वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button