पुलिस कमिश्नर ने किया जनसंवाद: नशेड़ियों पर कार्रवाई न करने वाली डायल 112 की टीम पर जताई नाराजगी

पुलिस कमिश्नर ने किया जनसंवाद: नशेड़ियों पर कार्रवाई न करने वाली डायल 112 की टीम पर जताई नाराजगी
भोपाल, यशभारत। शिवाजी नगर और एम.पी. नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान नागरिकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, जिस पर सीपी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
संवाद के दौरान नागरिकों ने शिकायत की कि क्षेत्र में शराबियों और नशेड़ियों का जमावड़ा बढ़ गया है, जिससे आमजन और महिलाएं परेशान हैं। एक नागरिक ने बताया कि डायल 112 को सूचना देने के बाद भी टीम मौके पर आई तो सही, लेकिन शराबी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और न ही उसे साथ ले गई। इस पर सीपी ने नाराजगी जताते हुए रिस्पांस टीम की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
जनता ने यह भी मुद्दा उठाया कि उन्हें अपने क्षेत्र के बीट प्रभारी या स्थानीय पुलिस के संपर्क नंबरों की जानकारी नहीं है। सीपी संजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक क्षेत्र के बीट प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जाए ताकि नागरिक किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना सीधे दे सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
सीपी ने नागरिकों से अपील की कि वे समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस की मदद करें। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की बिक्री और अवैध हथियारों से जुड़ी कोई भी जानकारी साझा करने में संकोच न करें। कार्यक्रम के अंत में सीपी ने उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। साथ ही, बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। यदि डायल 112 या स्थानीय पुलिस कार्रवाई में कोताही बरतती है, तो उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। जनता निडर होकर पुलिस का सहयोग करे।







