बीएमएचआरसी में योग सप्ताह के तीसरे दिन मरीजों और विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास

बीएमएचआरसी में योग सप्ताह के तीसरे दिन मरीजों और विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास
भोपाल, यश भारत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आईसीएमआर भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र बीएमएचआरसी में आयोजित योग सप्ताह के तीसरे दिन मरीजों उनके परिजनों तथा विद्यार्थियों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम के तहत पल्मोनरी मेडिसिन वॉर्ड और नेत्र रोग विभाग के मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुरूप उपयोगी योग क्रियाओं एवं प्राणायाम की जानकारी दी गई। इसके बाद संस्थान के नर्सिंग पैरामेडिकल एवं पीजी मेडिकल विद्यार्थियों के लिए योग प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। योग प्रशिक्षक सुशील सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा स्वस्थ जीवनशैली में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला। बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि रोग की प्रकृति के अनुसार किए जाने वाले योग अभ्यास उपचार प्रक्रिया में सहयोगी साबित हो सकते हैं और जीवन की गुणवत्ता में सुधार ला सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि संस्थान में 21 जून तक योग सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न वर्गों के लिए योग एवं जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना तथा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। बीएमएचआरसी द्वारा कर्मचारियों विद्यार्थियों और मरीजों तक योग के लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।







