जबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

सिर्फ साढे पचहत्तर हजार सदस्यो ने नहीं किया शुल्क जमा, युवक कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया प्रदेश अध्यक्ष के लिए त्रिकोणी मुकाबला

जबलपुर यश भारत। युवा कांग्रेस चुनाव के लिए चल रही ऑनलाइन वोटिंग की प्रक्रिया 19 जुलाई को समाप्त होने के बाद मंगलवार 22 तारीख की शाम तक जिन सदस्यों ने शुल्क जमा नहीं किया था उन्हें समय दिया गया था। मंगलवार की शाम को जो जानकारी निकलकर सामने आई है उसके मुताबिक अब सिर्फ 75622 सदस्य ऐसे हैं जिनके द्वारा शुल्क जमा नहीं किया गया। जबकि 19 तारीख को यह आंकड़ा 4 लाख छत्तीस हजार से कुछ ज्यादा था। ताजे आंकड़े के अनुसार अब पेड सदस्यों की संख्या 14 लाख 61905 हो गई है। जबकि पूर्व में कुल सदस्यों की संख्या 15 लाख 37 हजार 527 बताई गई थी। जिन 75 हजार सदस्यों के द्वारा शुल्क जमा नहीं किया गया है उनकी वोटिंग अब निरस्त मानी जाएगी। इस तरह देखा जाए तो युवक कांग्रेस चुनाव के जरिए कांग्रेस के खाते में 7 करोड़ 30 लाख 95 हजार रुपए जमा हो गए हैं। इधर दूसरी तरफ युवक कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया अब आगे बढ़ गई है और दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के सी बेणुगोपाल की उपस्थिति में केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ मंथन भी हो चुका है। इसमें प्रदेश के
प्रभारी हरीश चौधरी को छोड़कर किसी और वरिष्ठ नेता को शामिल नहीं किया गया था। लेकिन दूसरों से जो जानकारी सामने आई है कि दूसरे दौर के मंथन के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को दिल्ली बुलाया गया है और एक-दो दिन में उनके साथ भी मंथन कर आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी। जरूरत पड़ी तो पदाधिकारियों के लिए इंटरव्यू भी लिए जा सकते हैं। और उसी के बाद यह तय होगा की कमान किसके हाथ में जाएगी। वैसे सबसे ज्यादा कशमकश प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर है जिसमें प्रमुख दावेदारों के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया के पुत्र यश घनघोरिया अभिषेक परमार और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव के बीच त्रिकोणी मुकाबला है और इनके पीछे कहीं ना कहीं प्रदेश के दिग्गजों का भी हाथ है और सभी की यही इच्छा भी है कि वह अपने-अपने लोगों को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचा सके। अब यह बात अलग है कि कोई भी दिग्गज सामने आकर यह नहीं कह रहा कि इस चुनाव में वे किसी के साथ हैं। लेकिन वास्तविकता की इसके विपरीत है। कुल मिलाकर युवक कांग्रेस का यह चुनाव रोचक स्थिति में पहुंच चुका है और लोगों को अब नतीजे का इंतजार है हालांकि अभी इसमें समय लगने वाला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button