मकर संक्रांति पर सर्वधर्म तीर्थ दर्शन धर्म यात्रा समिति ने कराई हजारों बुजुर्गों को नि:शुल्क नर्मदा यात्रा

मकर संक्रांति पर सर्वधर्म तीर्थ दर्शन धर्म यात्रा समिति ने कराई हजारों बुजुर्गों को नि:शुल्क नर्मदा यात्रा
11 वर्षों से निरंतर जारी है सेवा का संकल्प; 30 बसों से बांद्राभान पहुँचे श्रद्धालु
भोपाल, यशभारत। सर्वधर्म तीर्थ दर्शन धर्म यात्रा समिति द्वारा मकर संक्रांति के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल नि:शुल्क नर्मदा दर्शन एवं स्नान यात्रा का सफल आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष विपिन चौकसे के नेतृत्व में आयोजित इस 11वीं वार्षिक यात्रा में क्षेत्र के हजारों वरिष्ठ जनों ने माँ नर्मदा के पावन तट बांद्राभान में आस्था की डुबकी लगाई।
समिति के अध्यक्ष विपिन चौकसे ने बताया कि यह यात्रा उनके पूज्य पिता स्व. बालमुकुंद चौकसे जी की स्मृति में समर्पित है। समिति का मुख्य उद्देश्य उन बुजुर्गों को तीर्थ लाभ कराना है जो स्वयं जाने में असमर्थ हैं। इस सेवा कार्य के कारण ही क्षेत्रवासी चौकसे को श्रवण कुमार के रूप में सम्मान देते हैं।

सुबह निर्धारित स्थानों से 30 बसों का काफिला ढोल-धमाकों और माँ नर्मदा के जयकारों के साथ वायराम माता की तपोभूमि बांद्राभान के लिए रवाना हुआ। यहाँ समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा बुजुर्गों को सुरक्षित घाट तक ले जाने, स्नान कराने और पूजन-अर्चन की समुचित व्यवस्था की गई। तीर्थयात्रियों के लिए तिल-गुड़ एवं स्वल्पाहार की भी विशेष व्यवस्था रही।

वरिष्ठ जनों ने दिया आशीर्वाद:
यात्रा के सफल समापन पर समिति के अध्यक्ष एवं समस्त कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए वरिष्ठ जनों ने भावुक मन से आशीर्वाद दिया। समिति के सदस्यों ने इस सफलता का श्रेय माँ नर्मदा की कृपा और वरिष्ठों के स्नेह को दिया है।
सर्वधर्म तीर्थ दर्शन धर्म यात्रा समिति भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक और सामाजिक आयोजन निरंतर जारी रखने के लिए संकल्पित है। इस सफल आयोजन के लिए समिति के सभी जमीनी कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का विशेष आभार व्यक्त किया गया है।







