
BSNL दफ्तर में भीषण आग,दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
छुट्टी के दिन लगी आग, दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
चेन्नई के अन्ना सलाई स्थित BSNL ऑफिस में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। छुट्टी होने के कारण ऑफिस बंद था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दमकल की गाड़ियों ने एक घंटे से अधिक समय तक आग बुझाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे BSNL कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अग्निशमन और बचाव दल मौके पर पहुंच गया और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग पर नियंत्रण पाने के लिए 5 दमकल गाड़ियां और 10 मेट्रो वाटर टैंकर लगाए गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दूसरी मंजिल के एक कमरे में रखी बैटरी में विस्फोट होने की आशंका है, जिससे आग भड़की और बिजली के तारों के जरिए ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। आग तीसरी, चौथी और छठी मंजिल तक पहुंच गई थी। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
सेवाएं रहीं प्रभावित
आग की वजह से BSNL परिसर में संचालित सेवाएं प्रभावित हुईं। TANGEDCO ने जानकारी दी कि कार्यालय में रखे उसके सर्वर आग की चपेट में आ गए, जिससे ऑनलाइन भुगतान सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित हो गईं।
इसके साथ ही BSNL कार्यालय में स्थित 108 एम्बुलेंस सेवा के बैकअप सर्वर भी आग में क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि तेयनमपेट स्थित DMS कॉम्प्लेक्स में मौजूद मुख्य 108 एम्बुलेंस नियंत्रण कक्ष सामान्य रूप से कार्य करता रहा।
दमकल और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जांच के बाद ही आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।







