कुख्यात बदमाश अमन चक्रवर्ती और उसके गुर्गे गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
गढ़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जबलपुर,यशभारत। गढ़ा थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुए चाइनीज़ ठेले वाले की हत्या के मुख्य आरोपी कुख्यात बदमाश अमन चक्रवर्ती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी और उसके साथी का जुलूस निकालकर उनकी हेकड़ी भी उतार दी। आरोपियों ने 7 दिसंबर की रात मोनू के ठेले पर विवाद करने के बाद उस पर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार घटना के समय अमन चक्रवर्ती अपने साथियों आकाश रजक, नंदू उर्फ सागर तिवारी, रोहित झारिया, ताशु यादव और तीन नाबालिग किशोरोंके साथ चौपाटी पहुंचा था। विवाद बढ़ा और देखते ही देखते हमला हो गया।
गिरफ्तारी के बाद गढ़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस निकालकर उनका मनोबल तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी खुद ही ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारे बाप है’ जैसे नारे लगाते हुए चलते नजर आए।
पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे गैंग को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







