Delhiजबलपुरदेशमध्य प्रदेश

बर्फानी सिक्योरिटी कंपनी  को रात्रि कालीन  ठेका, शहर को मिली गंदगी, कांग्रेस का आरोप ब्लैकलिस्टेड कंपनी पर मेहरबानी क्यों?

सफाई पूरी तरह ठप, त्योहार पर भी नहीं हुई व्यवस्था 

जबलपुर, यश भारत। शहर की सड़कों पर पसरी गंदगी और त्योहार के दिन मंदिरों के बाहर फैले कचरे ने एक बार फिर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने गुरुवार को निगम आयुक्त से मुलाकात कर सफाई व्यवस्था को लेकर तीखा विरोध दर्ज कराया। पार्षदों का आरोप है कि रात्रिकालीन सफाई पूरी तरह ठप रही, जिससे पूरा शहर बदहाल स्थिति में पहुंच गया।
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कहा कि लगातार चेतावनी देने के बावजूद प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को गंभीरता से नहीं लिया। विशेष रूप से डीजल की समस्या के कारण सफाई कार्य बाधित रहा। वहीं रात्रिकालीन सफाई का ठेका बाबा बर्फानी कंपनी को दिए जाने पर कांग्रेस पार्षद दल ने गंभीर सवाल खड़े किए और उसे ब्लैकलिस्टेड बताते हुए जांच की मांग की।

ठेका को लेकर विरोधाभास,ब्लैकलिस्टेड कंपनी पर सवाल
इसी बीच ठेका को लेकर विरोधाभासी स्थिति सामने आई है। बर्फानी कंपनी का कहना है कि उन्हें नगर निगम की ओर से कोई रात्रिकालीन सफाई का ठेका नहीं दिया गया है, जबकि नगर निगम कमिश्नर का कहना है कि उक्त कंपनी को ही रात्रिकालीन सफाई का ठेका सौंपा गया था। इस विरोधाभास ने पूरे मामले को और अधिक संदेहास्पद बना दिया है।
हनुमान जन्मोत्सव जैसे पावन पर्व पर भी शहर के प्रमुख मंदिरों के बाहर कचरे के ढेर लगे रहे। पार्षदों ने कहा कि जहां रात में सफाई हो जानी चाहिए थी, वहां सुबह तक हालात जस के तस बने रहे, जिससे श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

निगम पर वसूली पर फोकस का आरोप

कांग्रेस पार्षद दल ने यह भी आरोप लगाया कि निगम प्रशासन सिर्फ वसूली पर ध्यान दे रहा है, जबकि सुविधाओं के नाम पर शहरवासियों को कुछ नहीं मिल रहा। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण भी प्रभावित है और कई इलाकों में नियमित सफाई नहीं हो रही, जिससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

आंदोलन की चेतावनी

पार्षदों ने आयुक्त से मांग की है कि जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, अन्यथा आने वाले 2-3 दिनों में नगर निगम में तालाबंदी कर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बजट बैठक में भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button