ईरान के ज्यादातर मिसाइल लॉन्च साइट सुरक्षित, 13 हजार हमलों के बाद भी अमेरिका फेल, रिपोर्ट में खुलासा
इजरायल तक पहुंच सकती हैं 1000 से ज्यादा ईरानी मिसाइलें

वॉशिंगटन/तेहरान: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ दोबारा हमला शुरू करने से क्यों डर रहे हैं अमेरिकी इंटेलिजेंस रिपोर्ट में इसका खुलासा हो गया है। मंगलवार को न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका का मानना है कि ईरान के ज्यादातर मिसाइल साइट्स सुरक्षित हैं। इसके अलावा पिछले 39 दिनों के युद्ध में तबाह हुए कई मिसाइल साइटों को ईरान ने फिर से सही कर लिया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों का हवाला दिया है जिसमें उन्होंने चेतावनी दी है कि ईरान की सक्रिय मिसाइल साइट्स में होर्मुज़ जलडमरूमध्य के पास 30 साइट्स शामिल हैं जो इस इलाके में मौजूद अमेरिकी नौसैनिक जहाजों के लिए खतरा पैदा करती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान अभी भी गैर-चालू साइट्स में रखे मिसाइल भंडारों का इस्तेमाल मोबाइल लॉन्चरों से उन्हें लॉन्च करके कर सकता है और तेहरान के पास अपने मोबाइल लॉन्चरों का लगभग 70% भंडार अभी भी मौजूद है।
- इस आकलन रिपोर्ट के मुताबिक ईरान अभी कम से कम दो महीने और युद्ध लड़ सकता है और डर है कि ईरानी मिसाइलों को रोकते रोकते कहीं अमेरिका के एयर डिफेंस सिस्टम और इंटरसेप्टर मिसाइल भंडार ही खत्म ना हो जाएं।
- न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में अमेरिकी सैन्य एजेंसियों का भी हवाला दिया गया जिन्होंने दावा किया कि ईरान की 90% भूमिगत मिसाइल सुविधाएं कम से कम आंशिक रूप से चालू हालत में हैं।
- अमेरिका ने 39 दिनों के युद्ध में ईरान के ऊपर करीब 13 हजार हमले किए हैं। लेकिन फिर भी वो ईरान की क्षमता का 50 फीसदी खत्म करने में भी नाकाम रहा है।
- न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया है कि ईरान का मौजूदा मिसाइल भंडार अभी भी उसके युद्ध-पूर्व भंडार के लगभग 70% पर बना हुआ है।
- न्यूयॉर्क टाइम्स के अलावा वाल स्ट्रीट जर्नल ने भी ईरान के मिसाइल भंडार को लेकर कुछ ऐसे ही दावे किए हैं।
- 11 अप्रैल को द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एक अमेरिकी खुफिया आकलन का हवाला देते हुए बताया कि ईरान के पास अभी भी हजारों छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें मौजूद हैं और उसके पास उनके लॉन्चरों को फिर से चालू करने की क्षमता है।
- यह रिपोर्ट अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के उन बयानों के बीच आई है जिनमें उन्होंने कहा था कि ईरान का शस्त्रागार “खत्म और तबाह हो चुका है।”
इजरायल तक पहुंच सकती हैं 1000 से ज्यादा ईरानी मिसाइलें
वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी‘ की शुरुआत के बाद से भारी कमी के बावजूद ईरान के पास छोटी और मध्यम दूरी की मिसाइलों का भंडार अभी भी हजारों की संख्या में बना हुआ है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया है कि कई मिसाइल भंडार ऐसे हैं जिनके दरवाजे और दूसरे हिस्सों पर हमले हुए हैं और वहां मलबा भरा हुआ है। लेकिन अंदर रखी मिसाइलें पूरी तरह से सुरक्षित हैं। ऐसे भंडारों को ईरान साफ करवा रहा है जिनसे मिसाइलों को निकाला जा सकता है। इससे यह संकेत मिलता है कि ईरान के पास अपने पड़ोसी देशों पर हमला करने के लिए पर्याप्त गोला-बारूद मौजूद है। आपको बता दें कि रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के पास कम से कम 1000 एडवांस बैलिस्टिक मिसाइलें ऐसी हैं जो इजरायल तक पहुंचने में सक्षम हैं।







