भोपालमध्य प्रदेश

श्रमोदय विद्यालय में करोड़ों का मेस घोटाला, ईओडब्ल्यू ने 7 लोगों पर दर्ज की एफआईआर

श्रमोदय विद्यालय में करोड़ों का मेस घोटाला, ईओडब्ल्यू ने 7 लोगों पर दर्ज की एफआईआर

भोपाल, यश भारत। राजधानी के शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में करोड़ों रुपये के मेस घोटाले का खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने 1 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की हेराफेरी के मामले में 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच में सामने आया है कि फर्जी फर्म बनाकर सरकारी राशि को निजी खातों में ट्रांसफर किया गया।
ईओडब्ल्यू के अनुसार इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड गौरव शर्मा को बताया जा रहा है। उसने असली कंपनी के नाम से मिलती-जुलती फर्जी फर्म तैयार कर सरकारी भुगतान अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया।

मुगालिया छाप स्थित विद्यालय का मामला
यह मामला भोपाल के मुगालिया छाप क्षेत्र में स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय से जुड़ा है। यहां विद्यार्थियों के लिए संचालित मेस व्यवस्था में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता सामने आई है।
शिकायतकर्ता सौरभ गुप्ता की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने प्रारंभिक जांच शुरू की थी। जांच के दौरान कई अहम दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन संदिग्ध पाए गए।

2021 में मिला था मेस संचालन का ठेका
जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 2021 में प्रदेश के चार श्रमोदय विद्यालयों के मेस संचालन का ठेका “कनका फूड मैनेजमेंट सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड” कंपनी को दिया गया था। कंपनी विद्यार्थियों के भोजन और मेस संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही थी।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में कंपनी में सुपरवाइजर रहे गौरव शर्मा ने सुनियोजित तरीके से असली कंपनी के नाम से मिलती-जुलती फर्जी फर्म तैयार की। इसके बाद सरकारी भुगतान की राशि फर्जी खाते में ट्रांसफर करवाई गई।

दस्तावेजों और खातों की जांच जारी ईओडब्ल्यू अब पूरे मामले में बैंक खातों, भुगतान प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और संबंधित संस्थानों में भी हड़कंप की स्थिति है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button