देश

रायपुर में परिवार का सामूहिक अंत, पांच शव मिलने से मचा हड़कंप

सामूहिक आत्महत्या या कुछ और?

रायपुर,यशभारत। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना संजय नगर स्थित मदनी चौक के पास किराए के मकान की है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार के सभी सदस्यों ने जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या की। मृतकों की पहचान परिवार के मुखिया साजिद अली, उनकी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के रूप में हुई है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है, जो मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक परिवार किराए के मकान में रह रहा था। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आत्महत्या के संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button