प्राथमिक शिक्षक भर्ती: दस्तावेज अपलोड और सत्यापन प्रक्रिया शुरू 18 से 20 जुलाई तक प्रोफाइल पंजीयन व जिला विकल्प, 19 से 21 जुलाई तक दस्तावेजों का होगा सत्यापन भोपाल, यश भारत

प्राथमिक शिक्षक भर्ती: दस्तावेज अपलोड और सत्यापन प्रक्रिया शुरू
18 से 20 जुलाई तक प्रोफाइल पंजीयन व जिला विकल्प, 19 से 21 जुलाई तक दस्तावेजों का होगा सत्यापन
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राथमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक (विशेष शिक्षा) चयन परीक्षा 2025 में चयनित अभ्यर्थियों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया का अगला चरण शुरू कर दिया है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर प्रोफाइल पंजीयन दस्तावेज अपलोड और जिला विकल्प का चयन करना होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 18 से 20 जुलाई 2026 तक एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर प्रोफाइल पंजीयन आवश्यक दस्तावेज अपलोड और जिला प्राथमिकता का चयन कर सकेंगे। इसके बाद 19 से 21 जुलाई तक जिला स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। विभाग ने सभी अभ्यर्थियों के लिए पोर्टल पर प्रदर्शित सभी जिलों को प्राथमिकता क्रम में भरना अनिवार्य किया है।
संचालनालय के अनुसार दस्तावेज अपलोड करने के अगले दिन अभ्यर्थियों को स्वयं चयनित दस्तावेज सत्यापन केंद्र पर उपस्थित होकर मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। सत्यापन के बाद ही नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रोफाइल पंजीयन दस्तावेज अपलोड जिला विकल्प चयन तथा पोर्टल शुल्क का भुगतान नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया से बाहर माना जाएगा और उनकी नियुक्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी नवीनतम जानकारियों और निर्देशों के लिए एमपी ऑनलाइन पोर्टल trc.mponline.gov.in का नियमित अवलोकन करते रहें।







