Mandla: अंजनिया के पास जिप्सी पलटी, एक मृत, चार घायल

मंडला, । अंजनिया चौकी क्षेत्र में एक जिप्सी पलटने से उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए और एक की मौत हो गई। मृतक का नाम मोतीलाल परते ग्राम चौरंगा बिछिया थाना क्षेत्र निवासी बताया गया है। घटना सोमवार की शाम 5 बजे के लगभग बताई गई है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
खटिया से जा रहे थे अंजनिया : घटना के संबंध में अंजनिया चौकी प्रभारी जयवंत सिंह राजपूत ने बताया कि एक जिप्सी में सवार होकर खटिया से ग्रामीण मार्ग से होकर अंजनिया आ रहे थे। जिप्सी की रफ्तार तेज थी। जिसके चलते जिप्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें मोतीलाल दब गया। वहीं जिप्सी में सवार अन्य चार लोग घायल हो गए। सभी को अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां मोतीलाल को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायलों को उपचार उपरांत छुटटी दे दी गई।
मानिकपुर के पास हुई घटना : पुलिस ने बताया कि युवक शराब पीए हुए थे। कान्हा टाइगर रिजर्व के खटिया गांव से ग्रामीण जंगली रास्ते से युवक अंजनिया जा रहे थे। शाम 5 बजे के लगभग तेज रफ्तार से भाग रही जिप्सी मानिकपुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन पलटते ही अंदर बैठे लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय जनों की मदद से घायलों को अंजनिया स्वास्थ्य केेंद्र लाया गया।
ये हुए घायल : मनीराम मरावी 25 वर्ष निवासी खटिया, अनिल परते पिता अरविंद परते 24 वर्ष ग्राम चौरंगा, दलसिंह मरकाम पिता मानसिंह मरकाम 26 वर्ष, ग्राम खटिया, राहुल उइके पिता दिलीप उइके 25 वर्ष ग्राम खटिया निवासी बताया गया है।