स्टार्टअप और रोजगार को बढ़ावा देने सरकार कर रही लगातार प्रयास मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
The government is making continuous efforts to promote startups and employment: Chief Minister Dr. Mohan Yadav

स्टार्टअप और रोजगार को बढ़ावा देने सरकार कर रही लगातार प्रयास मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। प्रदेश में अब तक 10 हजार से अधिक स्टार्टअप धारकों ने पंजीयन कराया है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार स्टार्टअप शुरू करने वालों को प्रतिमाह स्टाइफंड भी उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को इंदौर जिले के महू स्थित एक निजी कॉलेज में आयोजित प्लेसमेंट कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों का विस्तार सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार नवाचार कर रही है। बाहरी कंपनियों को निवेश के लिए औद्योगिक समिट के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कंपनियों में चयनित विद्यार्थियों को प्लेसमेंट प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक उषा ठाकुर, कॉलेज सचिव सुनील बंसल एवं शरद त्रिवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से विज्ञान, राजनीति, उद्योग और नवाचार से जुड़े विषयों पर संवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहें, बल्कि निरंतर अध्ययन, चिंतन और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने स्टार्टअप, नवाचार, निवेश, गुरुत्वाकर्षण और ब्रह्मांड जैसे विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। कॉलेज के सचिव सुनील बंसल ने बताया कि संस्था के इंदौर के अलावा भोपाल और मंडीदीप में भी कॉलेज संचालित हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश विद्यार्थियों का प्लेसमेंट मध्यप्रदेश की कंपनियों में हुआ है जो प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे उद्योगों और राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों का सकारात्मक परिणाम है।







