मध्यप्रदेश पुलिस में बड़ा फेरबदल, 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

मध्यप्रदेश पुलिस में बड़ा फेरबदल, 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले
भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 62 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में राज्य के 19 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को भी इधर-उधर किया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय और विभिन्न इकाइयों में पदस्थ एडीजी, डीआईजी तथा डीसीपी स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। सरकार के इस फैसले को पुलिस प्रशासन में कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से एक ही पद पर कार्यरत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ जिलों में बेहतर कार्यप्रणाली के लिए नए एसपी की पदस्थापना की गई है।
गृह विभाग के आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई रेंज और जोन की कमान सौंपी गई है। वहीं राजधानी समेत बड़े शहरों में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डीसीपी स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार सरकार समय-समय पर प्रशासनिक कसावट और बेहतर समन्वय के लिए इस तरह के तबादले करती रही है। नए अधिकारियों के पदभार ग्रहण करने के बाद संबंधित जिलों और इकाइयों में पुलिसिंग की रणनीति में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।






