कांबिंग गश्त में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 229 वारंट तामील, 29 शराब तस्कर गिरफ्तार
51 लीटर कच्ची शराब एवं 116 पाव देशी-विदेशी शराब जब्त

जबलपुर, यशभारत। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शुक्रवार रात से शनिवार तड़के तक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक कांबिंग गश्त चलाकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई वर्षों से फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 229 वारंट तामील किए गए, जबकि 29 अवैध शराब कारोबारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 51 लीटर कच्ची शराब एवं 116 पाव देशी-विदेशी शराब जब्त की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों और सभी एसडीओपी तथा थाना प्रभारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर 108 गैर-मियादी वारंट, 74 गिरफ्तारी वारंट और 47 जमानती वारंट तामील किए। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अभियान के दौरान अवैध शराब के ठिकानों पर छापेमारी के साथ ही सक्रिय बदमाशों की निगरानी, देर रात घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में सघन जांच की गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रहे और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।







