भानपुर फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग: 7 लोग फंसे, तार से उतरते वक्त दो कर्मचारी घायल

भानपुर फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग: 7 लोग फंसे, तार से उतरते वक्त दो कर्मचारी घायल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के भानपुर के पास स्थित खेजड़ा बरामद क्षेत्र में रविवार तड़के एक दो मंजिला फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसमें दूसरी मंजिल पर सो रहे 7 कर्मचारी फंस गए। जान बचाने की कोशिश में इन कर्मचारियों ने छत से लटक रहे बिजली के तार के सहारे उतरने का प्रयास किया, जिसमें दो युवक फिसलकर नीचे गिर गए और घायल हो गए।
मिली जानकाकी के अनुसार ऐशबाग निवासी चांद बाबू की इस फैक्ट्री में ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर फर्नीचर बनता था, जबकि दूसरी मंजिल कर्मचारियों का आवास था। सुबह करीब 4 बजे आग लगी, जो लकड़ी, फोम और केमिकल के कारण तेजी से दूसरी मंजिल तक फैल गई।
तार के सहारे जान जोखिम में डाली
आग की भयावहता ऐसी थी कि आसपास के लोग चाहकर भी अंदर नहीं जा पाए। प्रत्यक्षदर्शी विक्रम सिंह वर्मा के अनुसार, छत पर खड़े होना मुश्किल हो गया था। जान बचाने के लिए सातों कर्मचारियों ने एक बड़ा जोखिम उठाया उन्होंने छत से लटक रहे बिजली के तार को पकड़कर नीचे उतरना शुरू किया। इसी प्रयास में, फरहान और कमरुदीन नामक दो कर्मचारी तार से फिसलकर नीचे गिर गए, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं।
एक घंटे में काबू, 50 लाख का नुकसान
आग की सूचना मिलते ही गांधी नगर, पुल बोगदा और गोविंदपुरा से फायर ब्रिगेड की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक फैक्ट्री का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। फैक्ट्री मालिक के अनुसार, इस अग्निकांड में लगभग 50 लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।





