भोपाल

भोपाल में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ा वार, दो और तस्कर गिरफ्तार

भोपाल में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ा वार, दो और तस्कर गिरफ्तार
– 10 आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी, अब तक 6 हथियार और 5 कारतूस बरामद
भोपाल, यश भारत । राजधानी में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से एक रिवॉल्वर और एक पिस्टल बरामद की है। इस कार्रवाई के साथ ही पूरे मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 10 हो गई है।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी रॉयल मार्केट क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ताजुल मस्जिद और यूनिक अस्पताल के पास घेराबंदी कर अकमल अली (21) और समी खान (19) को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने हथियार तालिब खान से खरीदने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बेनजीर ग्राउंड के पास छिपाई गई रिवॉल्वर और वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन भवन से पिस्टल बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार इसी प्रकरण में पहले गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों से तीन पिस्टल, एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और आठ मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं। ताजा कार्रवाई के बाद कुल चार पिस्टल, एक रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा और पांच कारतूस बरामद किए जा चुके हैं।
क्राइम ब्रांच का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ए) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button