मध्य प्रदेश विधानसभा: शीतकालीन सत्र का तीसरा दिन – 13,476 करोड़ के अनुपूरक बजट पर गहमागहमी

मध्य प्रदेश विधानसभा: शीतकालीन सत्र का तीसरा दिन – 13,476 करोड़ के अनुपूरक बजट पर गहमागहमी
भोपाल, यशभारत: मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज अपने तीसरे दिन में प्रवेश कर गया। सत्र का मुख्य आकर्षण वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा मंगलवार को पेश किए गए ₹13,476 करोड़ 94 लाख के द्वितीय अनुपूरक बजट पर विस्तृत चर्चा रही। यह बजट मुख्य रूप से ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास और किसानों की कल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित है। सदन में इस बजट पर 3 घंटे 30 मिनट तक चर्चा निर्धारित की गई है, जिसके दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं।
फसल मुआवजे और भू-राजस्व पर तीखे सवाल
अनुपूरक बजट पर चर्चा के साथ ही सदन में विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर भी सवाल-जवाब हुए। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने विधायकों के प्रश्नों का उत्तर दिया।
कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने वर्ष 2025 में अतिवृष्टि के कारण किसानों को हुए फसल नुकसान और मुआवजे के संबंध में सवाल उठाया। जवाब में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने बताया कि राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति होने पर सहायता के स्थाई निर्देश हैं, लेकिन राहत राशि केवल नियमों और मापदंडों के अनुसार नुकसान होने पर ही दी जाती है।
भाजपा विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने जिला नर्मदापुरम में डायवर्जन के लंबित प्रकरणों का मुद्दा उठाया। मंत्री वर्मा ने बताया कि वर्ष 2024-25 में 1135 और राजस्व वर्ष 2025-26 में 67 प्रकरण ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भू राजस्व संहिता की धारा 59 के नियम लागू हैं और नर्मदापुरम में 17 आवेदन जाँच प्रक्रिया में होने के कारण लंबित हैं।
वहीं, डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के कई गाँवों में नई आबादियों को आधिकारिक आबादी क्षेत्र में शामिल न करने से निवासियों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होने का मुद्दा उठाया और नागदा खाचरौद विधानसभा में लंबित प्रस्तावों की जानकारी मांगी।
विधायक विजयवर्गीय ने रक्षा के मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए भारतीय नौसेना को विश्व की तीसरी सबसे ताकतवर नौसेना बताया और इसके लिए प्रधानमंत्री तथा रक्षा मंत्री को धन्यवाद दिया। विधानसभा की कार्यवाही जारी है और अनुपूरक बजट पर मतदान आज शाम तक होने की संभावना है।







