1 अप्रैल से बढ़ जाएंगे शराब के दाम, कोई नई दुकान नहीं खुलेगी

1 अप्रैल से बढ़ जाएंगे शराब के दाम, कोई नई दुकान नहीं खुलेगी
भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश के शराब प्रेमियों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई आबकारी नीति का खाका तैयार कर लिया है। नई नीति के लागू होते ही 1 अप्रैल से प्रदेश में शराब की कीमतों में उछाल आना तय है। मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता वाली हाई एम्पावर्ड कमेटी ने नीति के प्रारूप को मंजूरी दे दी है, जिसे जल्द ही कैबिनेट में पेश किया जाएगा।
खजाने को भरने की तैयारी: 19 हजार करोड़ का लक्ष्य सरकार ने इस बार आबकारी विभाग को राजस्व वसूली का भारी-भरकम लक्ष्य दिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 19,000 करोड़ रुपये का टारगेट सेट किया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि यह पिछले साल के मुकाबले 3,000 करोड़ रुपये अधिक है। इसी बढ़े हुए लक्ष्य की पूर्ति के लिए शराब की कीमतों में बढ़ोतरी का रास्ता चुना गया है।
नीलामी का नया फॉर्मूला: 20% बढ़ेगा रिजर्व प्राइस नई नीति के तहत प्रदेश की सभी 3,553 शराब दुकानों की नीलामी सिंगल ई-टेंडर के जरिए की जाएगी। इस बार दुकानों का रिजर्व प्राइस पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक रखा गया है। जब ठेकेदार महंगी बोली लगाकर दुकान लेंगे, तो स्वाभाविक रूप से इसका असर बोतलों की एमआरपी (MRP) पर पड़ेगा।
धार्मिक-सामाजिक संतुलन: नहीं खुलेगी कोई नई दुकान राजस्व बढ़ाने के दबाव के बावजूद सरकार ने एक बड़ा नीतिगत फैसला लिया है। प्रदेश में शराब की दुकानों की संख्या नहीं बढ़ाई जाएगी। नई नीति में स्पष्ट किया गया है कि राज्य में कोई भी नई दुकान नहीं खुलेगी। सरकार का ध्यान नई दुकानें खोलने के बजाय मौजूदा व्यवस्था से ही अधिक राजस्व जुटाने पर है।







