भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में खयाल का भव्य विमोचन, सुहेल उमर की शायरी में चेतना और बोध की गहराई फिल्म गीतकार शकील आज़मी ने किया लोकार्पण, विद्वानों ने कहा युवा शायर में सदियों का अनुभव

  • भोपाल में खयाल का भव्य विमोचन, सुहेल उमर की शायरी में चेतना और बोध की गहराई
  • फिल्म गीतकार शकील आज़मी ने किया लोकार्पण, विद्वानों ने कहा युवा शायर में सदियों का अनुभव
  • भोपाल यश‌ भारत । राजधानी भोपाल में उभरते शायर सुहेल उमर के शायरी संग्रह खयाल का भव्य विमोचन समारोह आयोजित हुआ। महमूद ज़की वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में होटल फलफ्लोरा में आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य और शायरी जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिल्म गीतकार व शायर शकील आज़मी ने खयाल का विमोचन करते हुए कहा कि सुहेल उमर ने पारंपरिक प्रेम विषयों से आगे बढ़कर समाज की समस्याओं, सांस्कृतिक मूल्यों और ऐतिहासिक संदर्भों को अपनी शायरी में खूबसूरती से पिरोया है। उन्होंने पुस्तक पर विस्तृत लेख लिखने की भी घोषणा की और युवा शायर को अध्ययन का दायरा बढ़ाने की सलाह दी। श्रोताओं के आग्रह पर उन्होंने अपना कलाम भी पेश किया, जिसे खूब सराहना मिली।

विशेष वक्ता प्रख्यात विद्वान डॉ. महताब आलम ने कहा कि सुहेल उमर की शायरी भले ही नई हो, लेकिन उसमें सदियों का अनुभव झलकता है। उन्होंने कहा कि शायर ने काफिया और फन की खूबसूरती के साथ इतिहास, तहजीब, रिवायत और नैतिक मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी शायरी में चेतना, बोध और दार्शनिक दृष्टि का समावेश उन्हें विशिष्ट बनाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उस्ताद शायर ज़फर सहबाई ने सुहेल उमर को भोपाल के शायरी क्षितिज का उभरता सितारा बताते हुए कहा कि ग़ज़ल में सफलता कठोर साधना से ही मिलती है।

उन्होंने प्रथम संग्रह के विमोचन पर शुभकामनाएं दीं

अपने विचार व्यक्त करते हुए सुहेल उमर ने कहा कि ‘खयाल’ उनके जीवन के अनुभवों की अभिव्यक्ति है और इस मुकाम तक पहुंचना उनके लिए एक भावनात्मक सफर रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें शायरी का हुनर पारिवारिक विरासत में मिला और उन्हें डॉ. अहसान आज़मी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का स्वागत गुलदस्ते भेंट कर किया गया। इस अवसर पर साजिद प्रेमी, डॉ. कमर अली शाह और यूसुफ खान सहित शहर की कई साहित्यिक हस्तियों ने सुहेल उमर की सराहना की। कार्यक्रम में इकबाल मसूद, डॉ. अंजम बारा बंकवी, डॉ. नज़र महमूद, विजय तिवारी, सलमान खान और अज़ीम बेग समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन डॉ. महताब आलम ने प्रभावशाली अंदाज़ में किया, जबकि अंत में सुहेल उमर ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button