जिला पंचायत की अहम बैठक टली, कई विभागों की समीक्षा पर लग गया विराम

जिला पंचायत की अहम बैठक टली, कई विभागों की समीक्षा पर लग गया विराम
भोपाल, यश भारत । भोपाल जिला पंचायत की शुक्रवार को प्रस्तावित साधारण सभा की बैठक अचानक निरस्त कर दी गई। इस बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएचई, कृषि, पीडब्ल्यूडी, आदिम जाति, वन तथा महिला एवं बाल विकास सहित करीब 15 विभागों के कामकाज और योजनाओं की समीक्षा की जानी थी। बैठक से पहले सामान्य प्रशासन समिति की बैठक भी निर्धारित थी। इसके लिए सदस्य प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने की अनुमति देने के निर्देश जारी किए गए थे। इस संबंध में ईला तिवारी ने अधिकारियों को पत्र भी जारी किया था। बताया जा रहा है कि पिछली बैठक में सदस्य प्रतिनिधियों को प्रवेश नहीं दिया गया था, जिससे जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखने को मिली थी। इसी मुद्दे को लेकर लगातार असंतोष बना हुआ था। जिला पंचायत की साधारण सभा की बैठक को जनप्रतिनिधियों के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। इसी बैठक में भोपाल जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सीधे संवाद कर विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हैं। पिछली बैठकों में कई विभागों के कामकाज को लेकर सदस्यों ने अधिकारियों पर नाराजगी भी जाहिर की थी और कई मुद्दों पर तीखी चर्चा हुई थी। बैठक निरस्त होने से अब इन विषयों पर चर्चा फिलहाल टल गई है।







