जी राम जी योजना को मिला विस्तार, अब 125 दिनों तक मिलेगा लाभ

जी राम जी योजना को मिला विस्तार, अब 125 दिनों तक मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा कार्यालय भोपाल में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करतें हुए कहा कि
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश सरकार ने गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद वर्ग के हित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जी राम जी योजना की अवधि बढ़ाने की घोषणा की है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि अब यह योजना 100 दिनों की बजाय 125 दिनों तक लागू रहेगी, जिससे प्रदेश के हजारों जरूरतमंद परिवारों को अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ‘जी राम जी योजना’ के विस्तार से लाभार्थियों को अधिक दिनों तक रोजगार/सहायता मिलने के साथ आर्थिक संबल भी मजबूत होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय जमीनी जरूरतों और जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों के आधार पर लिया गया है। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री लखन पटेल, कृषि मंत्री एदल सिंह कसाना सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने इस निर्णय को गरीब कल्याण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीब कल्याण, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लक्ष्य को लेकर लगातार काम कर रही है। सरकार की कोशिश है कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचे। इसी सोच के तहत जी राम जी योजना की अवधि बढ़ाकर 125 दिन की गई है।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में राज्य सरकार अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा करेगी और जहां आवश्यकता होगी वहां सुधार और विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, श्रमिक और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी। इस घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में उत्साह देखा गया है। माना जा रहा है कि योजना की अवधि बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह भी कहा कि विपक्ष का काम है प्रश्न खड़े करना लेकिन सरकार योजनाओं को और व्यवस्थित करने का काम कर रही है जिससे हर मजदूर को काम मिल सके और विपक्ष से वार्ता के दौरान अग्रह किया की यदी उनके पास कोई बेहतर प्लान हो तो बताये। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने यह भी स्पष्ट किया की बुआई और कटाई के दरमियान मजदूरी कार्य बंद रहेंगे जिससे मजदूरों को इनकम में हानि ना पहुंचे







