भोपालमध्य प्रदेश

महिला कारोबारी की कार का लॉक तोड़कर 1 लाख के जेवरात पार

महिला कारोबारी की कार का लॉक तोड़कर 1 लाख के जेवरात पार

शादी समारोह में गई थी महिला, होटल प्रबंधन पर सहयोग न करने के आरोप

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके कमला नगर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ एक प्रतिष्ठित होटल की पार्किंग में खड़ी कार को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने करीब एक लाख रुपये की ज्वेलरी से भरा बैग चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

शादी समारोह के दौरान हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, अयोध्या नगर निवासी सरिता चावला, जो पेशे से ब्यूटी पार्लर संचालिका हैं, बीती 4 दिसंबर की रात कमला नगर स्थित एक नामचीन होटल में शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। उन्होंने अपनी कार होटल की अधिकृत पार्किंग में खड़ी की थी। देर रात कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह कार लेकर सीधे अपने घर लौट गईं।

अगले दिन बैग गायब देख उड़े होश
पीड़िता ने बताया कि अगले दिन जब उन्होंने कार चेक की, तो उसमें रखा बैग गायब था। बैग में सोने की चेन और पेंडल सहित करीब एक लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात रखे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि पार्किंग में ही किसी ने चालाकी से कार का लॉक खोलकर या कांच के जरिए बैग पार कर दिया।

प्रबंधन पर अनदेखी का आरोप
सरिता चावला के मुताबिक, चोरी का पता चलने के तुरंत बाद उन्होंने होटल प्रबंधन से संपर्क किया और सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मदद मांगी। लेकिन प्रबंधन ने कई दिनों तक उन्हें टाल दिया और कोई ठोस सहयोग नहीं किया। हार मानकर पीड़िता ने कमला नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

कमला नगर थाना पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। होटल की पार्किंग और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button