भोपालमध्य प्रदेश

कोलार में गूँजेगा जय श्री राम, 27 मार्च को निकलेगी भव्य राम रथ यात्रा

कोलार में गूँजेगा जय श्री राम, 27 मार्च को निकलेगी भव्य राम रथ यात्रा

राम लला की झांकी और पंजाब का गतका होगा मुख्य आकर्षण, पिछले वर्ष से भी अधिक भव्यता की तैयारी

भोपाल, यशभारत। राजधानी के संस्कारधानी क्षेत्र श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (कोलार) में इस वर्ष रामनवमी का पर्व अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। श्रीराम सेवा समिति के तत्वावधान में आगामी 27 मार्च को शाम 5:00 बजे एक भव्य राम रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा सिग्नेचर रेजिडेंसी (सागर प्रीमियम टावर) से प्रारंभ होकर महाबली गेट, बीमा कुंज पर संपन्न होगी।

सांस्कृतिक संगम और शौर्य का प्रदर्शन
समिति के आयोजक संदीप सिंह ने बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा में हिंदू संस्कृति और परंपराओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा को पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक भव्य रूप दिया जा रहा है। इस बार यात्रा के मुख्य आकर्षण निम्नलिखित होंगे:

धार्मिक झांकियां: अयोध्या की तर्ज पर श्री राम लला की दिव्य झांकी, भगवान नरसिंह अवतार और बाहुबली हनुमान के दर्शन भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

कला और संस्कृति: नर्मदापुरम की तर्ज पर होने वाली गंगा आरती, जबलपुर का प्रसिद्ध श्री महाकाल आर्ट ग्रुप और सीहोर के श्री कृष्ण जी ग्रुप की विशेष प्रस्तुतियां होंगी।

शौर्य प्रदर्शन: पंजाब के वीर गतका दल द्वारा युद्ध कला का प्रदर्शन किया जाएगा, साथ ही भारत का प्रसिद्ध हनुमंत ध्वज ढोल-ताशा ग्रुप अपनी लयबद्ध प्रस्तुति देगा।

युवाओं का उत्साह: आधुनिक और पारंपरिक धुन के संगम के लिए भोपाल का चर्चित पाटिल डीजे भी यात्रा का हिस्सा रहेगा।

भक्तिमय हुआ कोलार का वातावरण
यात्रा की तैयारियों को लेकर पूरे कोलार क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है। श्री बाबा बटेश्वर भक्त मंडल भोपाल भी अपनी विशेष प्रस्तुति से समां बांधेगा। आयोजकों ने क्षेत्र की जनता से सपरिवार इस धर्म यात्रा में सम्मिलित होने की अपील की है। यात्रा मार्ग पर पुष्प वर्षा और स्वागत द्वारों की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं।

इनका कहना है..
हमारा उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति से जोड़ना है। इस बार की रथ यात्रा भव्यता और श्रद्धा का एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
संदीप सिंह, आयोजक (श्रीराम सेवा समिति)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button