एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स में जबलपुर के अभय सिंह ने जीता कांस्य पदक
प्रदेश और शहर का नाम किया रोशन

जबलपुर, यशभारत। संस्कारधानी के युवा धावक अभय सिंह ने चीन के ओरडोस में आयोजित एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और शहर का नाम रोशन किया है। विजय नगर निवासी अभय सिंह ने फाइनल मुकाबले में 20.96 सेकंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से भारतीय एथलेटिक्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई सफलता मिली है।
अभय की खेल प्रतिभा विद्यालयीन दिनों से ही सामने आ गई थी। लगातार कठिन अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है। अभय की उपलब्धि पर विभिन्न सामाजिक एवं खेल संगठनों ने उन्हें बधाई दी है। पर्व जायसवाल ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अभय सिंह ने जबलपुर और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है तथा उनकी सफलता प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।







