भोपालमध्य प्रदेश
नकबजनी करने वाला शातिर चोर दबोचा, चोरी की रकम से खरीदा था आईफोन

नकबजनी करने वाला शातिर चोर दबोचा, चोरी की रकम से खरीदा था आईफोन
पहचान छिपाने के लिए तोड़े थे सीसीटीवी कैमरे और काटी थी डीवीआर की केबल, पुलिस ने वाट्सअप ग्रुप्स और मुखबिर की मदद से आरोपी को दबोचा
भोपाल, यश भारत। राजधानी के बैरागढ़ थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने एक पान मसाला एजेंसी का ताला तोड़कर करीब 2 लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ किया था। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे और डीवीआर का वायर भी काट दिया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी सूझबूझ और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल से महज कुछ ही दिनों में आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के पैसों से खरीदा गया एक कीमती आईफोन-13 प्रो मोबाइल और नगदी बरामद की है।







