यशभारत’ मुंबई कार्यालय में हुआ वरिष्ठ पत्रकारों का महासंगम
पूर्व सांसद संजय निरुपम और विधायक मुरजी पटेल ने दी सदिच्छा भेंट

मुंबई, यशभारत। दैनिक ‘यशभारत’ के मुंबई कार्यालय में शहर के वरिष्ठएवं प्रतिष्ठित पत्रकारों की विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, पत्रकारों के जीवन में आने वाले उतार-चढ़ाव, सामाजिक दायित्व, नई चुनौतियों तथा मीडिया की बदलती भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
‘यशभारत’ कार्यालय में पूर्व संपादक व पूर्व सांसद संजय निरुपम और स्थानीय विधायक मुरजी पटेल ने सदिच्छा भेंट दी। निरुपम ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, लोकतंत्र का सशक्त चौथा स्तंभ है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उनके विचारों ने उपस्थित पत्रकारों को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की।

पत्रकारिता के बदलते दौर पर हुई सार्थक परिचर्चा
कार्यक्रम में जनसेवा के लिए प्रसिद्ध कार्यसम्राट विधायक मुरजी भाई पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पत्रकारों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए समाज और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की तथा वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभवों को नई पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर बताया। इस अवसर पर ‘यशभारत’ के राजनीतिक संवाददाता एस.एन. सिंह का जन्मदिन भी मनाया गया। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त पत्रकार श्रीकिशोर शाही को सम्मानित किया गया। कार्यालय में आए अतिथियों का स्वागत संपादकीय प्रभारी अभय मिश्र, क्राइम रिपोर्टर जय सिंह और उप संपादक उमाशंकर मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, पत्रकार विकास संघ के अध्यक्ष आनंद मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार सैयद सलमान, सुनील सिंह, पुष्पराज मिश्रा, अमर त्रिपाठी, शैलेंद्र श्रीवास्तव, सोनू श्रीवास्तव, भानु मिश्रा, गिरीश यादव, भगवती मिश्रा, अजय सिंह, बृजेश पाठक, राजेश विक्रांत, धर्मेंद्र पांडेय, गोपाल गुप्ता, आनंद श्रीवास्तव, श्रीश उपाध्याय, राजकिशोर तिवारी, वरिष्ठ फोटोग्राफर भालचंद्र नेमाने तथा देवांश मिश्रा सहित मीडिया जगत के गणमान्य लोगों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। गोष्ठी में वुमन्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष मनीषा गुरव ने महिला पत्रकारों की चुनौतियों पर प्रकाश डाला।







