जबलपुरमध्य प्रदेश

नशे में धुत युवक ने एएसआई पर चढ़ाई बाइक,आरोपी गिरफ्तार

वाहन चेकिंग के दौरान विजयनगर थाने के सामने की घटना

जबलपुर, यशभारत। विजयनगर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में धुत एक युवक ने पुलिस से बचने के प्रयास में एएसआई पर ही बाइक चढ़ा दी। घटना में एएसआई मोहम्मद रियाज गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में फ्रैक्चर आया है। पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

विजयनगर थाना प्रभारी अनिल पटेल के अनुसार, रविवार रात विजयनगर थाने के सामने नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में बाइक सीधे ड्यूटी पर तैनात एएसआई मोहम्मद रियाज की ओर दौड़ा दी। टक्कर लगने से एएसआई सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन साहू (24) निवासी आईटीआई, शिव शक्ति नगर, माढ़ोताल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आरोपी शराब के नशे में पाया गया। घायल एएसआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मी पर हमला करने, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button