लूटकांड का खुलासा : दो आरोपी गिरफ्तार; नकदी -जेवर समेत 8.50 लाख का माल बरामद

दमोह। दमोह देहात थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के सूखी पिपरिया गांव में 4 जुलाई की रात हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8.50 लाख की लूटी गई संपत्ति, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और धारदार कटर बरामद किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई की रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच फरियादी विजय जैन के घर चार हथियारबंद बदमाश घुस आए थे। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर मारपीट की और सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी सहित करीब ₹12.70 लाख की संपत्ति लूटकर फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और साइबर टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए तथा आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया। करीब 30 पुलिसकर्मियों की छह विशेष टीमों का गठन कर जिले और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार दबिश दी गई। जांच के दौरान लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शंकर यादव और राहुल अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से दो सोने के हार, एक मंगलसूत्र, एक सोने की बेंदी, दो अंगूठियां, दो चांदी की करधनी, एक पायल, एक चांदी की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और धारदार कटर बरामद किए गए हैं। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य लगभग ₹8.50 लाख बताया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।







