जबलपुरमध्य प्रदेश

घंटाघर में तेज रफ्तार कार का कहर, ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल,देखे वीडियो …

टक्कर मारने के बाद दूसरी गाड़ी को भी लिया चपेट में, चालक फरार

जबलपुर, यशभारत। शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अधारताल क्षेत्र में सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मंगलवार को ओमती थाना क्षेत्र के घंटाघर चौक के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े ऑटो चालक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, घंटाघर के समीप ऑटो चालक अपने वाहन के पास खड़ा था। तभी तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार ने पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो चालक उछलकर दूर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस घायल की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

भागने के दौरान दूसरी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसने पास में खड़े एक अन्य वाहन को भी टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय कार चालक नशे में था या हादसे की कोई अन्य वजह थी। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button