अब जबलपुर में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा, अपोलो हॉस्पिटल्स में शुरू हुई अत्याधुनिक तकनीक
कई जटिल ऑपरेशन अब रोबोटिक तकनीक से संभव

जबलपुर,यशभारत। अपोलो हॉस्पिटल्स जबलपुर ने महाकोशल क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा देते हुए एडवांस्ड रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू की है। अब हर्निया, गॉलब्लैडर, लिवर, पेट और पैंक्रियास से जुड़ी जटिल सर्जरी अत्याधुनिक रोबोटिक सिस्टम के जरिए की जा सकेगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार रोबोटिक तकनीक से ऑपरेशन छोटे-छोटे चीरे लगाकर किए जाते हैं, जिससे मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव और संक्रमण का कम खतरा रहता है। इसके चलते मरीज जल्दी स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट पाते हैं।
अपेंडिक्स और पेट की सर्जरी में भी मिलेगा फायदा
अस्पताल ने बताया कि अपेंडिक्स (अपेंडिसाइटिस) की सर्जरी में भी रोबोटिक तकनीक बेहद प्रभावी साबित हो रही है। इस प्रक्रिया में मरीज को 1 से 2 दिन के भीतर अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है और लगभग एक सप्ताह में वह सामान्य गतिविधियां शुरू कर सकता है। इसके अलावा गैस्ट्रिक सर्जरी, कोलन कैंसर, आंतों की रुकावट और अन्य जटिल पेट संबंधी बीमारियों के इलाज में भी रोबोटिक सर्जरी नई उम्मीद बनकर सामने आई है। यह तकनीक बुजुर्ग और गंभीर मरीजों के लिए विशेष रूप से लाभकारी मानी जा रही है।
क्या है रोबोटिक GI सर्जरी
रोबोटिक जनरल एवं गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (GI) सर्जरी एक आधुनिक मिनिमली इनवेसिव तकनीक है, जिसमें सर्जन कंसोल पर बैठकर रोबोटिक आर्म्स को नियंत्रित करता है। ऑपरेशन के दौरान 3D HD कैमरा सर्जरी क्षेत्र को कई गुना बड़ा दिखाता है, जिससे सर्जन अधिक सटीकता के साथ ऑपरेशन कर पाता है।
डॉ. गणेश गोरथी देंगे सेवाएं
रोबोटिक लेप्रोस्कोपिक गैस्ट्रो-इंटेस्टाइनल, बेरिएट्रिक और जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ गणेश गोरथी भी इस सुविधा से जुड़े हैं। उन्हें भारत के साथ यूके और यूएसए में दो दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कई प्रतिष्ठित अस्पतालों में सेवाएं दी हैं और भारत में कई रोबोटिक सर्जिकल प्रक्रियाओं की शुरुआत करने का श्रेय भी उन्हें जाता है।
कई जटिल ऑपरेशन अब रोबोटिक तकनीक से संभव
अस्पताल में रोबोटिक तकनीक से हर्निया रिपेयर, गॉलब्लैडर सर्जरी, अपेंडिक्स ऑपरेशन, कैंसर सर्जरी, किडनी और मूत्राशय की सर्जरी, बेरिएट्रिक सर्जरी सहित कई जटिल ऑपरेशन किए जाएंगे। अस्पताल के अनुसार पारंपरिक सर्जरी में जहां बड़ा चीरा, ज्यादा दर्द और लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ता है, वहीं रोबोटिक सर्जरी में छोटे चीरे, कम दर्द और कम रिकवरी समय के कारण मरीज तेजी से स्वस्थ हो सकते हैं।







