

जबलपुर यश भारत। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में जबलपुर नगर निगम ने एक ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए देश के पांचवें सबसे स्वच्छ शहर का खिताब हासिल किया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में जबलपुर को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला। महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू”, निगमायुक्त प्रीति यादव, नोडल अधिकारी संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन और सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।

8 साल बाद मिली बड़ी सफलता
जबलपुर ने स्वच्छ सर्वेक्षण में पिछले 8 सालों में अपनी रैंकिंग में अभूतपूर्व सुधार किया है। महापौर अन्नू ने बताया कि शहर ने ‘3-स्टार’ से ‘7-स्टार’ की रैंकिंग प्राप्त की है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। निगमायुक्त प्रीति यादव ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि निगम के इतिहास में पहली बार जबलपुर को ‘वॉटर प्लस सिटी’ का भी दर्जा मिला है, जो जल प्रबंधन और स्वच्छता में शहर के उत्कृष्ट प्रयासों का परिणाम है।

नागरिकों की मेहनत का परिणाम
यह ऐतिहासिक उपलब्धि महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू” के कुशल मार्गदर्शन, निगमायुक्त प्रीति यादव की प्रशासनिक दक्षता और जमीनी स्तर पर किए गए ठोस कार्यों का परिणाम है। महापौर और निगमायुक्त ने इस सफलता का श्रेय शहर के नागरिकों को ‘नायक’ बताते हुए उन्हें हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, स्वच्छता प्रभारी रजनी कैलाश साहू, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, अपर आयुक्तों, अधीक्षण यंत्री, नोडल अधिकारियों, स्वास्थ्य अधिकारियों, ब्रांड एम्बेसेडर्स, सफाई मित्रों और स्वच्छता टीम के सभी सदस्यों के सहयोग की भी सराहना की।

उत्कृष्ट अंकों के साथ शानदार प्रदर्शन
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में जबलपुर नगर निगम ने कुल 12,500 में से 11,989 अंक प्राप्त किए हैं, जो कुल अंकों का 96% है। निगमायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में 10,000 में से 9,489 अंक, गारबेज फ्री सिटी (GFC) में 1,300 में से 1,300 अंक और ओपन डेफिकेशन फ्री (ODF) में 1,200 में से 1,200 अंक प्राप्त हुए हैं। यह दर्शाता है कि जबलपुर ने सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

महापौर-निगमायुक्त का सपना हुआ साकार
महापौर अन्नू और निगमायुक्त यादव ने पूर्व में ही शहर को बेहतर रैंकिंग दिलाने का संकल्प लिया था, जो आज साकार हुआ है। उनकी दूरदर्शिता और कड़ी मेहनत के फलस्वरूप जबलपुर 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में 13वीं रैंक से सीधे 5वीं रैंक पर पहुंच गया है। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में जबलपुर को देश में पहली रैंक दिलाने के लिए अभी से प्रयास शुरू कर दिए जाएंगे।

इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान
जबलपुर नगर निगम को यह सम्मान सिटी ब्यूटीफिकेशन, स्वच्छ वायु गुणवत्ता में सुधार, बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, डिवाइडरों का निर्माण, पेंटिंग, ग्रीन वॉल, फाउंटेन, कंजरवेंसियों की सफाई और सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक शौचालयों का बेहतर निर्माण और रखरखाव, तथा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन प्रणाली को मजबूत करने जैसे ठोस कदमों के लिए मिला है। इसके अलावा, मां नर्मदा को निर्मल करने के लिए एसटीपी प्लांटों की स्थापना, उद्यानों का निर्माण, कंपोस्ट प्लांटों का संचालन और गारबेज ट्रांसफर स्टेशनों के विकास जैसे कार्यों ने भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस ऐतिहासिक सफलता के लिए शहर भर से जबलपुर नगर निगम को बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू” और निगमायुक्त प्रीति यादव ने सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया है।







