जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

पुशबैक में तकनीकी खराबी से तीन घंटे लेट हुई इंडिगो फ्लाइट, यात्रियों ने किया जमकर हंगामा

जबलपुर, यश भारत

पुशबैक में तकनीकी खराबी से तीन घंटे लेट हुई इंडिगो फ्लाइट, यात्रियों ने किया जमकर हंगामा

जबलपुर, यश भारत। जबलपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट गुरुवार को डुमना एयरपोर्ट पर  पुशबैक ट्रैक्टर मशीन में आई तकनीकी खराबी के कारण करीब तीन घंटे की देरी से रवाना हुई। विमान समय पर रनवे तक नहीं पहुंच सका, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। बार-बार फ्लाइट में बैठाने और फिर नीचे उतारने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया और एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, विमान को पार्किंग बे से रनवे तक ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाली पुशबैक मशीन (पुशबैक ट्रैक्टर) अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। यह एक विशेष और भारी-भरकम वाहन होता है, जिसकी जानकारी आमतौर पर यात्रियों को नहीं होती। दरअसल, बड़े यात्री विमानों में कार की तरह रिवर्स गियर नहीं होता, इसलिए वे टर्मिनल पर खड़े होने के बाद खुद पीछे नहीं जा सकते। ऐसे में यही पुशबैक ट्रैक्टर विमान के अगले पहिए (नोज व्हील) से जुड़कर उसे सुरक्षित तरीके से पीछे धकेलता है, ताकि विमान टैक्सीवे के जरिए रनवे तक पहुंचकर उड़ान भर सके। इस मशीन में खराबी आने पर विमान अपनी पार्किंग से बाहर नहीं निकल पाता और उड़ान प्रभावित हो जाती है।
मशीन में आई खराबी के कारण एयरलाइन ने यात्रियों को पहले विमान में बैठाया, फिर तकनीकी कारणों का हवाला देकर वापस टर्मिनल में उतार दिया। कुछ समय बाद दोबारा बोर्डिंग कराई गई, लेकिन उड़ान फिर भी शुरू नहीं हो सकी। इस पूरी प्रक्रिया के कई बार दोहराए जाने से यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने एयरपोर्ट पर विरोध जताते हुए एयरलाइन से स्पष्ट जानकारी देने की मांग की।
फ्लाइट में हुई देरी का असर कई यात्रियों के जरूरी कार्यक्रमों पर भी पड़ा। कई लोगों की दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठकें थीं, जबकि कुछ यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट भी छूटने की स्थिति बन गई। करीब तीन घंटे बाद तकनीकी खराबी दूर होने पर विमान को रनवे तक ले जाया गया और इसके बाद फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो सकी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button