भोपाल में नए साल से पहले 1.20 करोड़ की अवैध शराब जब्त

भोपाल में नए साल से पहले 1.20 करोड़ की अवैध शराब जब्त
ट्रक में ‘प्लास्टिक दाना’ बताकर गुजरात भेजी जा रही थीं 1200पेटियाँ पुलिस ने स्टॉपर लगाकर पकड़ा
भोपाल, यशभारत। नए साल के जश्न से पहले अवैध शराब के बड़े कारोबार पर भोपाल पुलिस ने जोरदार प्रहार किया है। गुरुवार तड़के खजूरी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा। जब्त शराब की मात्रा 1200 पेटी है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1करोड़ 20 लाख रुपये बताई जा रही है।4 बजे तड़के स्टॉपर लगाकर घेराबंदी खजूरी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब का एक बड़ा कंसाइनमेंट इंदौर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने थाने के सामने तत्काल नाकाबंदी की। गुरुवार को 3:00 से 4 बजे के बीच जब ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, तो ड्राइवर ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने स्टॉपर लगाकर ट्रक को रोक लिया। प्लास्टिक दाना की आड़ में शराबपूछताछ में ड्राइवर कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

उसने बताया कि शराब बैरागढ़ क्षेत्र में भरवाई गई थी और इसे इंदौर के रास्ते गुजरात भेजा जाना था, जहाँ एक व्यक्ति को माल रिसीव करना था। अवैध धंधेबाजों ने कंटेनर में शराब को छिपाने के लिए ऊपर से ‘प्लास्टिक दाना’ बताया था। पुलिस ने प्रारंभिक जाँच में ड्राइवर के पास मिले कागजात को भी फर्जी पाया है। ये ब्रांड हुए जब्तइस कार्रवाई में सिग्नेचर, ओल्ड मंक, बैक पाइपर, रॉयल स्टेज और रॉयल चैलेंज जैसे लोकप्रिय ब्रांड की बड़ी मात्रा में शराब जब्त की गई है।
सब इंस्पेक्टर संतराम खन्ना ने इस कार्रवाई को साल 2025 की अब तक की सबसे बड़ी जब्ती बताते हुए कहा, “पूरी जब्ती कर ट्रक और ड्राइवर को थाने लाया गया है। अवैध शराब के इस बड़े नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं, इसकी गहराई से जाँच की जाएगी।
आबकारी विभाग करेगा आगे की जाँच पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और अब आगे की विधिक कार्रवाई के लिए पूरी जानकारी आबकारी विभाग को सौंप दी गई है। आबकारी विभाग अब शराब के स्रोत और गंतव्य के साथ-साथ इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करेगा।







