तीन मोहरा से रॉयल मार्केट तक हटा अवैध कब्जा, 6 ट्रक सामान जब्त

तीन मोहरा से रॉयल मार्केट तक हटा अवैध कब्जा, 6 ट्रक सामान जब्त
एसीपी दुबे के नेतृत्व में सड़कों पर उतरा अमला, दुकानदारों में मचा हड़कंप
भोपाल, यशभारत। राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुचारू बनाने के लिए शनिवार को भोपाल पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यातायात सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत तीन मोहरा से रॉयल मार्केट तक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने 6 ट्रक अवैध सामान जब्त किया है।
अधिकारियों ने खुद संभाला मोर्चा
शनिवार दोपहर जब नगर निगम का दस्ता और पुलिस बल सड़कों पर उतरा, तो अवैध कब्जाधारियों में खलबली मच गई। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी कोहेफिजा के.जी. शुक्ला और यातायात निरीक्षक कुशवाहा सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। टीम ने फुटपाथों पर रखे अवैध काउंटर्स, होर्डिंग्स और सड़क तक फैले दुकानों के सामान को हटाकर जब्त कर लिया।
रॉयल मार्केट और हमीदिया अस्पताल की ओर जाने वाला यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक है। यहां अक्सर अतिक्रमण के कारण एम्बुलेंस और आम वाहन जाम में फंसते थे। एसीपी विजय दुबे का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद अब सड़क काफी चौड़ी हो गई है, जिससे यातायात का दबाव कम होगा और वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी सुविधा होगी।
दोबारा कब्जा करने पर होगी सख्त
कार्रवाई प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोबारा इन क्षेत्रों में अतिक्रमण पाया गया, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस के अनुसार, शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि भोपाल की यातायात व्यवस्था को आदर्श बनाया जा सके।







