10 करोड़ की अवैध ड्रग्स बॉयलर में स्वाहा: भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने दमोह में कराई नष्टीकरण की बड़ी कार्यवाही

10 करोड़ की अवैध ड्रग्स बॉयलर में स्वाहा: भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने दमोह में कराई नष्टीकरण की बड़ी कार्यवाही
भोपाल, यशभारत। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे के नेटवर्क के खिलाफ भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है। पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में जब्त की गई करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध ड्रग्स मादक पदार्थों को दमोह ले जाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। औद्योगिक इकाई के भारी-भरकम बॉयलर में पहुंचते ही यह करोड़ों का अवैध नशा पल भर में जलकर स्वाहा हो गया।
बॉयलर के उच्च तापमान में खाक हुई ड्रग्स
नशे के सौदागरों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए भोपाल पुलिस ने यह कदम उठाया। पुलिस कमिश्नरेट की टीम भारी सुरक्षा घेरे के बीच जब्त मादक पदार्थों की इस विशाल खेप को लेकर दमोह पहुंची। यहाँ एक निर्धारित औद्योगिक प्लांट के उच्च तापमान वाले बॉयलर में पूरी खेप को झोंक दिया गया। नष्ट की गई इस ड्रग्स की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत तकरीबन 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में कड़ा पहरा
नष्टीकरण की इस पूरी संवेदनशील प्रक्रिया को बेहद गोपनीय और पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया। नियममुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और ड्रग डिस्पोजल कमेटी की सीधी निगरानी में तौल और मिलान के बाद ही ड्रग्स को बॉयलर के सुपुर्द किया गया। भोपाल से दमोह तक के सफर के दौरान और नष्टीकरण स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
नशे के नेटवर्क पर करारी चोट
भोपाल पुलिस कमिश्नरेट की इस बड़ी कार्यवाही से साफ संदेश गया है कि क्षेत्र में सक्रिय नशे के सौदागरों और तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। करोड़ों की अवैध ड्रग्स को जलाकर खाक करने से नशीले पदार्थों की सप्लाई चैन और गिरोहों की आर्थिक कमर पूरी तरह टूट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर को नशामुक्त बनाने और अपराधियों के सफाए के लिए इस तरह के सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।







