किराये के कमरे में चल रहा था नशे का काला कारोबार, पति-पत्नी गिरफ्तार

किराये के कमरे में चल रहा था नशे का काला कारोबार, पति-पत्नी गिरफ्तार
4 किलो गांजा और धारदार हथियारों के साथ दबोचे गए तस्कर दंपत्ति
भोपाल, यश भारत। राजधानी की बजरिया थाना पुलिस ने शंकराचार्य नगर स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो पुश्तैनी धंधे की आड़ में गांजे की तस्करी कर रहे थे। आरोपियों के पास से करीब 4 किलो अवैध गांजा और दहशत फैलाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो धारदार छुरियां बरामद हुई हैं।
मकान मालकिन की सतर्कता से खुला राज
जब शंकराचार्य नगर में रहने वाली एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसका किरायेदार आदिल उर्फ अद्दू हाथ में धारदार हथियार लेकर मोहल्ले में दहशत फैला रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक शिल्पा कौरव ने बिना देरी किए टीम के साथ मौके पर घेराबंदी की। जब पुलिस टीम आदिल के कमरे में दाखिल हुई, तो वहां उसकी पत्नी गुनगुन भी मौजूद थी।
कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस की आंखें फटी रह गईं। वहां प्लास्टिक की बोरी में 3 किलो 921 ग्राम गांजा रखा मिला। साथ ही, पुलिस ने दो लंबी तलवार नुमा छुरियां भी जब्त कीं। पूछताछ में पता चला कि ये दंपत्ति झोले में गांजा छिपाकर ग्राहकों तक पहुंचाते थे।
सहेली के जरिए जुड़ा था तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ के दौरान 19 वर्षीय आरोपी गुनगुन संकत ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह अपनी सहेली से बेचने के लिए गांजा लेकर आई थी। पुलिस अब उस सहेली और शहर में सक्रिय अन्य बड़े तस्करों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों पर NDPS एक्ट (धारा 8, 20) और आर्म्स एक्ट (धारा 25) के तहत मामला दर्ज किया है।






