चोरी के आरोप से आहत युवक ने होटल में लगाई फांसी

चोरी के आरोप से आहत युवक ने होटल में लगाई फांसी
भोपाल। सूखी सेवनिया इलाके में रहने वाले एक युवक ने कंपनी के मालिक द्वारा लगाए गए चोरी के आरोप से आहत होकर बैतूल के एक होटल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें चोरी के आरोप का उल्लेख किया गया है। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक ग्रा्रम चौपड़ा कलां निवासी 36 वर्षीय धनवीर विश्वकर्मा का शव पुलिस ने बैतूल शहर के कोठी बाजार स्थित होटल सोनी के एक कमरे से बरामद किया है। मृतक उक्त होटल में तीन दिन पहले आया था। रविवार सुबह उसके कमरे से तेज बदबू आने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव करीब दो दिन पुराना होने से वह खराब स्थिति में पहुंच गया था। मृतक एक टैक्सटाइल कंपनी में बतौर एजेंट काम करता था।







